कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
ओवरलोड सीमेंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से महिला शिक्षिका की मौत, चालक गिरफ्तार
बांका के सेंट जोसेफ स्कूल से घर लौट रही थी पूजा कुमारी, मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर के पास भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर शनिवार को ओवरलोड सीमेंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई। मृतका की पहचान भागलपुर के बूढ़ानाथ निवासी पूजा कुमारी (30) के रूप में हुई है। वह बांका स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी अपने साथी अमित कुमार के साथ स्कूल से वापस भागलपुर लौट रही थीं। अमित कुमार ने बताया कि वह भी बांका के सेंट जोसेफ स्कूल में शिक्षक हैं। दोनों भवानीपुर के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे ओवरलोड सीमेंट लदे ट्रैक्टर ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पूजा कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महिला शिक्षिका की असामयिक मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
.png)





