प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, दो हजार पुआल समेत हजारों के सामान राख
दीपावली में बिक्री के लिए रखी सनसनाठी भी जली, दुकानदार को करीब 10 हजार रुपये का नुकसान
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के शाहपुर चौक पर गुरुवार की सुबह निकुंज सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से दुकान में रखे करीब दो हजार पुआल, दीपावली में बिक्री के लिए रखी सनसनाठी समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। अगलगी की इस घटना में दुकानदार को करीब 10 हजार रुपये की क्षति होने का अनुमान है। आसपास के दुकानदारों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका।
घटना के संबंध में चौरवैय गांव निवासी दुकानदार निकुंज कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह गुरुवार की सुबह शाहपुर चौक स्थित अपनी दुकान खोलकर पास की दूसरी दुकान से चाय लाने चले गए थे। इसी दौरान अचानक उनकी दुकान से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। दुकान से धुआं निकलता देखकर आसपास के दुकानदारों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर निकुंज कुमार मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर आग लगी हुई थी।
इसके बाद आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखे करीब दो हजार पुआल, दीपावली में बिक्री के लिए रखी हजारों रुपये की सनसनाठी और अन्य सामान जल चुके थे। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि इस घटना में उन्हें लगभग 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर दिवा गश्ती में तैनात पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। डॉ. संजीव कुमार, शोभानपुर पंचायत के उपमुखिया सुनील कुमार समेत मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई।
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
.png)



