Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : 1.78 करोड़ की शराब नष्ट, 31 कांडों में जब्त 14,985 लीटर शराब का विनष्टीकरण

 सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार

बांका में 1.78 करोड़ की शराब नष्ट, 31 कांडों में जब्त 14,985 लीटर शराब का विनष्टीकरण

दुर्गापूजा को लेकर सीमावर्ती चेकपोस्टों पर 24 घंटे सघन जांच, अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर भी छापेमारी तेज

बांका जिला पदाधिकारी की उपस्थिति में उत्पाद थाना बांका एवं कटोरिया द्वारा जब्त की गई शराब को विधिवत नष्ट किया गया। कुल 31 कांडों में जब्त 14,740.295 लीटर विदेशी शराब और 245.375 लीटर देशी शराब का कार्यालय अधीक्षक मद्यनिषेध परिसर में विनष्टीकरण किया गया। इस शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 1 करोड़ 77 लाख 61 हजार 966 रुपये 50 पैसे आंका गया है। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में वीडियोग्राफी कराते हुए संपन्न कराई गई।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति को लागू करने के लिए बांका जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। झारखंड की सीमा से सटे होने के कारण बांका जिला शराब तस्करी के लिहाज से संवेदनशील है। इसे देखते हुए भलजोर, धोरैया और दर्दमारा स्थित तीनों मद्यनिषेध जांच चौकियों पर 24 घंटे वाहनों की सघन जांच की जा रही है। झारखंड की ओर से आने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन के अनुसार, इस कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और शराब की बड़ी-बड़ी खेप जब्त की गई हैं।

दुर्गापूजा को लेकर छापेमारी अभियान तेज

आसन्न दुर्गापूजा को देखते हुए जिला प्रशासन ने शराब तस्करी और अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। चेकपोस्टों पर जांच के साथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध चुलाई शराब बनाने के ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। इसके लिए विशेष छापेमारी और गश्ती दल गठित किए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना है।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मद्यनिषेध अभियान लगातार जारी रहेगा। जब्त शराब के बड़े पैमाने पर विनष्टीकरण को तस्करी और अवैध कारोबार पर कार्रवाई के क्रम में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया है।

शराब विनष्टीकरण के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के रूप में बांका के अंचलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात तथा अधीक्षक मद्यनिषेध बांका सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |