सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
शराब के नशे में महिला से गाली-गलौज और मारपीट के प्रयास का आरोप
नरौन गांव की मीना देवी ने थाने में की शिकायत, आरोपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
शंभूगंज थाना क्षेत्र के नरौन गांव में शराब के नशे में एक महिला के साथ गाली-गलौज करने और मारपीट का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़िता मीना देवी ने गांव के ही एक युवक पर दरवाजे पर लाठी-डंडे लेकर पहुंचने, घर में घुसकर उन्हें खोजने और मारपीट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता ने मंगलवार को शंभूगंज थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और मामले में कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता मीना देवी, पति प्रमोद सिंह, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गांव के ही पंकज कुमार, पिता विश्वनाथ सिंह, ने कथित तौर पर शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद युवक लाठी-डंडे लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचा और घर के अंदर घुसकर उन्हें खोजने लगा। इस दौरान मारपीट की आशंका को देखते हुए मीना देवी किसी तरह मौके से भागने में सफल रहीं। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई
मामले में आरोपित पंकज कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि उसे बदनाम करने और फंसाने की साजिश के तहत शिकायत की गई है। इस तरह मामले में दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। हालांकि, घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.png)





