प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
गोला चौक के सब्जी विक्रेताओं को मिलेगी राजस्व कचहरी परिसर में जगह
सड़क किनारे सब्जी बिक्री से यातायात प्रभावित होने पर बोर्ड ने लिया निर्णय, सफाई में लापरवाही पर संवेदक को आर्थिक दंड की चेतावनी
बांका जिले के अमरपुर नगर पंचायत के सामान्य बोर्ड की बैठक गुरुवार को नगर पंचायत सभागार में मुख्य पार्षद रीता साहा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार सहित पार्षदों ने नगर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में गोला चौक के समीप सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले किसानों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। किसानों को अब राजस्व कचहरी परिसर में सब्जी बेचने की अनुमति देने पर सहमति बनी। पार्षदों ने कहा कि सड़क किनारे सब्जी बिक्री से किसानों को परेशानी के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसके लिए राजस्व कचहरी परिसर में सब्जी मंडी विकसित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
वहीं, नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने संवेदक और सफाई कर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदीप कुमार साह पप्पू, पंकज दास, शंकर महतो सहित अन्य पार्षदों ने कहा कि समझौते के अनुसार रविवार को भी सफाई होनी है, लेकिन कई बार कार्य बाधित रहता है। शौचालयों की दिन में दो बार सफाई नहीं होने की शिकायत भी की गई।
मामले पर कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने संवेदक के मुंशी को बैठक में बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आर्थिक दंड की चेतावनी दी। दुर्गापूजा से छठ तक विशेष सफाई अभियान चलाने पर सहमति बनी।
बैठक में मृत पशुओं के निपटारे, संवेदक कार्यालय खोलने, शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने, स्ट्रीट लाइट की निविदा आगे बढ़ाने और जलमीनारों के नियमित रखरखाव पर भी निर्णय लिया गया। बैठक में रेखा देवी, तारा देवी, सीमा देवी, नीलम झा, नमिता देवी सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।
.png)





