प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
दुर्गा पूजा को लेकर अमरपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील
थानाध्यक्ष और सीओ के नेतृत्व में निकला मार्च, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर
अमरपुर। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से रविवार को अमरपुर में पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। थानाध्यक्ष राकेश कुमार और सीओ आकाशदीप सिन्हा के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर गोला चौक, बस स्टैंड, पुरानी चौक, मोदी टोला, गंगापुर गढ़ैल, कुल्हरिया, सुरिहारी, चपरी, महादेवपुर और इंग्लिशमोड़ सहित विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए वापस थाना परिसर पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख चौक-चौराहों और पूजा स्थलों का जायजा लिया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर वहां की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही आम लोगों से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का आग्रह किया।
सीओ आकाशदीप सिन्हा ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सभी पूजा स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
फ्लैग मार्च में दारोगा सुशील कुमार, कन्हैया कुमार, कुमारी रश्मि, मु. नियामुद्दीन, पंकज मांझी सहित सैकड़ों पुलिस जवान मौजूद थे।
.png)





