प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
पत्नी को बाइक से धक्का मारने का आरोप, मायके वालों ने पति को पीटकर किया जख्मी
बादशाहगंज चौक पर घरेलू विवाद को लेकर हंगामा, पति-पत्नी का अस्पताल में हुआ उपचार; दोनों पक्षों ने थाने में आवेदन देने की कही बात
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के बादशाहगंज चौक पर मंगलवार की सुबह घरेलू विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पत्नी को बाइक से धक्का मारने के आरोप के बाद आक्रोशित मायके पक्ष के लोगों ने पति की पिटाई कर उसे जख्मी कर दिया। घटना में जख्मी पत्नी रूबी कुमारी और उसके पति पिकेश कुमार का रेफरल अस्पताल में डॉ. अमित कुमार ने प्राथमिक उपचार किया।
महिला के परिजनों के अनुसार, रूबी कुमारी की शादी अमरपुर थाना क्षेत्र के गोरगम्मा गांव निवासी बिपिन दास के पुत्र पिकेश कुमार से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि कुछ महीने पहले ससुराल पक्ष ने रूबी पर आरोप लगाकर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने के कारण वह बादशाहगंज स्थित अपने मायके में रहने लगी थी।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार सुबह रूबी सड़क की ओर कूड़ा फेंकने गई थी। इसी दौरान उसके पति ने बाइक से उसे धक्का मार दिया। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पति की पिटाई कर दी, जिससे वह भी जख्मी हो गया।
वहीं, अस्पताल में इलाजरत पिकेश कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि उसकी पत्नी करीब चार महीने पहले अपनी मर्जी से मायके चली गई थी। उसने कई बार पत्नी को समझाकर ससुराल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई।
मंगलवार सुबह वह अपने मित्र के घर से भिखनपुर जा रहा था। इसी दौरान बादशाहगंज चौक के समीप पत्नी बाइक के सामने आ गई। विरोध करने पर ससुराल पक्ष के अनिल दास, चिक्कू दास, बिहारी कुमार, पूनम देवी सहित अन्य लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। दोनों पक्षों ने मामले को लेकर थाने में लिखित आवेदन देने की बात कही है।
.png)




