सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर बांका बिहार
मारपीट कांड का फरार आरोपित घोघा से गिरफ्तार, भेजा जेल
शंभूगंज बाजार में दो माह पूर्व हुई थी मारपीट, दो अन्य नामजद आरोपित अब भी फरार
शंभूगंज थाना क्षेत्र के शंभूगंज बाजार में करीब दो माह पूर्व हुई मारपीट के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपित को पुलिस ने भागलपुर जिले के घोघा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शंभूगंज निवासी सूरज उर्फ पप्पू साह के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद से सूरज उर्फ पप्पू साह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित भागलपुर जिले के घोघा में अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपकर रह रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घोघा पहुंचकर संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपित के बीच बचने की कोशिश की गई, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे शंभूगंज थाना लाया गया, जहां मामले को लेकर उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट मामले में दो अन्य नामजद आरोपित शंभू और शिवम अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, एक आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
.png)







