Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : नदी में डूबी 13 वर्षीय छात्रा, सात घंटे बाद भी नहीं मिला शव

 कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार 

जितिया की तैयारी के बीच गेरुआ नदी में डूबी 13 वर्षीय छात्रा, सात घंटे बाद भी नहीं मिला शव

सहेलियों के साथ नहाने गई थी ममता, तीन बच्चियों को ग्रामीणों ने बचाया; एसडीआरएफ ने भी चलाया खोज अभियान

भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड क्षेत्र में जितिया पर्व की तैयारी को लेकर जहां रानी बनिया गांव में खुशी का माहौल था, वहीं एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अमडंडा थाना क्षेत्र के बोडा पाठक डीह पंचायत के रानी बनिया गांव के पास गेरुआ नदी में नहाने के दौरान 13 वर्षीय छात्रा तेज धार में बहकर लापता हो गई। करीब सात घंटे तक लगातार खोजबीन के बावजूद उसका शव बरामद नहीं हो सका।

लापता छात्रा की पहचान सुरमनीयां गांव निवासी वकील सिंह की पुत्री ममता कुमारी के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा की छात्रा थी। बताया गया कि नदी किनारे कई लड़कियां नहा रही थीं। इसी दौरान तीन-चार लड़कियां अचानक तेज धार की चपेट में आ गईं। घाट पर मौजूद ग्रामीणों और युवकों ने प्रयास कर तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ममता का पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए और अपने स्तर से खोजबीन शुरू कर दी। सूचना पर अमडंडा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की मदद से तलाश शुरू की गई। सन्हौला अंचलाधिकारी रजनीश चंद्र राय की पहल पर एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची और करीब दो घंटे तक नदी में खोज अभियान चलाया।

स्थानीय ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ की टीम ने करीब सात घंटे तक तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने पर अभियान रोक दिया गया। अंचलाधिकारी ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम दोबारा तलाश अभियान चलाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |