प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
घर से निकालने के विवाद में छोटे पुत्र को पीटा, जख्मी
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में आपसी विवाद को लेकर पिता और भाई द्वारा छोटे पुत्र के साथ मारपीट कर उसे जख्मी करने का मामला सामने आया है। जख्मी मुकंद दास का प्राथमिक उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया।
अस्पताल में इलाजरत मुकंद दास ने बताया कि वह चार भाइयों में सबसे छोटा है। आरोप है कि उसके पिता श्याम दास और भाई चंदन दास सहित अन्य परिजन आए दिन उसे घर से निकालने की साजिश रचते रहते हैं। सोमवार की सुबह उसके पिता ने जबरन उसे घर से बाहर निकालने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
मुकंद दास के अनुसार, इसी दौरान उसके पिता और भाई ने लाठी-डंडे से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ित ने घटना को लेकर अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर पिता और भाई सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
.png)




