सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
बांका में आठ पुलिस अधिकारियों का तबादला, शंभुगंज समेत कई थानों की बदली कमान
अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने जारी किया आदेश, सभी अधिकारियों को तत्काल योगदान का निर्देश
बांका जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने आठ पुलिस निरीक्षकों और थानाध्यक्षों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें अलग-अलग थानों और पुलिस चौकियों में नई जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी क्षेत्र, भागलपुर से अनुमति प्राप्त करने के बाद यह आदेश जारी किया गया है। सभी अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार चांदन थाना के थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती को स्थानांतरित कर कटोरिया थाना का पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष बनाया गया है। बेलहर थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी विजयेन्द्र कुमार को बेलहर थाना का ही पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस केंद्र बांका में पदस्थापित अभय शंकर को रजौन थाना का नया पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष बनाया गया है।
शंभुगंज थाना के थानाध्यक्ष आसिफ अख्तर का स्थानांतरण कर उन्हें जमदाहा बाजार पुलिस चौकी का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके स्थान पर बाराहाट थाना में तैनात प्रभाकर कुमार को शंभुगंज थाना की कमान सौंपी गई है। जमदाहा बाजार पुलिस चौकी के अध्यक्ष रणतेज भारती को बंधुआकुरावां थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
चांदन थाना में तैनात रवि कुमार को चांदन थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं बंधुआकुरावां थाना के थानाध्यक्ष शैलेश कुमार को पुलिस केंद्र बांका स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को लंबित विभागीय अथवा न्यायिक कार्यवाही से संबंधित प्रमाण पत्र योगदान से पहले कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया है। नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने के बाद अनुपालन प्रतिवेदन भी कार्यालय में जमा करना होगा। पुलिस विभाग के इस फेरबदल से विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
.png)





