कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
बारिश में ढही कच्चे मकान की दीवार, मलबे में दबकर छह साल की मासूम की मौत
रात में खाना खाकर परिवार के साथ सोई थी पूजा, अचानक दीवार गिरने से मची चीख-पुकार; अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
भागलपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गोराडीह थाना क्षेत्र के हज्जूडी खरबा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सोमवार की देर रात करीब दो बजे कच्चे मकान की कमजोर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से छह वर्षीय मासूम पूजा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि पूजा कुमारी रात में परिवार के साथ खाना खाने के बाद रोज की तरह घर में सोई थी। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार कमजोर हो गई थी। रात में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर पूजा के ऊपर जा गिरी। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन जाग गए। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला। हादसे में पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसकी हालत को देखते हुए परिजन उसे लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ देर पहले तक जिस बच्ची के साथ परिवार खुशियां बांट रहा था, उसकी अचानक मौत से सभी सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कई कच्चे और जर्जर मकान कमजोर हो गए हैं। ऐसे में प्रशासन को कमजोर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
.png)


