सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
दो दशक का जमीन विवाद खत्म, अब बनेगी श्यामपुर ढाका की सड़क
भाजपा मंडल अध्यक्ष व मुखिया समेत बुद्धिजीवियों की पहल से बनी सहमति, पंचायत योजना की राशि से निर्माण का रास्ता साफ
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत श्यामपुर ढाका गांव में करीब दो दशक से जमीन विवाद के कारण अधर में पड़ी सड़क निर्माण की योजना अब धरातल पर उतरने की उम्मीद जगी है। प्रशांत ठाकुर के घर से मुकेश यादव के घर तक सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। इसके कारण सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शनिवार को सड़क निर्माण को लेकर चल रहे विवाद को समाप्त कराने के लिए शंभूगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष आवास कुशवाहा, पंचायत के मुखिया अंकित पासवान सहित कई बुद्धिजीवियों ने पहल की। इस दौरान संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर मामले पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद वर्षों से चला आ रहा विवाद सुलझ गया।
बैठक के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष आवास कुशवाहा ने बताया कि श्यामपुर ढाका गांव में सड़क निर्माण का कार्य अब पंचायत की योजनाओं की राशि से कराया जाएगा। इसके लिए पंचायत के मुखिया अंकित पासवान ने भी अपनी सहमति दे दी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को देखते हुए सड़क निर्माण जरूरी था। जमीन विवाद के कारण वर्षों से काम रुका हुआ था, लेकिन सामूहिक पहल से अब समस्या का समाधान हो गया है।
मुखिया अंकित पासवान ने भी सड़क निर्माण को लेकर सहमति जताते हुए कहा कि पंचायत स्तर से नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण कराया जाएगा। सड़क बनने से गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी भी कम होगी।ग्रामीणों ने दो दशक पुराने विवाद के समाधान के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ होने पर पहल करने वाले लोगों के प्रति आभार जताया।
.png)





