सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
उर्वरक में गड़बड़ी पर जय गुरु कृषि केंद्र का लाइसेंस निलंबित
शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक की कालाबाजारी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतों को लेकर कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर मिर्जापुर बाजार स्थित जय गुरु कृषि केंद्र की अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) निलंबित कर दी गई है। वहीं दो अन्य कृषि केंद्र संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के किसानों द्वारा पिछले कुछ समय से यूरिया समेत अन्य उर्वरकों की कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत की जा रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने करीब एक सप्ताह पूर्व अधिकारियों की टीम गठित कर चयनित उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच कराई थी। जांच के दौरान मिर्जापुर बाजार स्थित जय गुरु कृषि केंद्र में कई अनियमितताएं सामने आईं।
जांच टीम ने केंद्र पर उपलब्ध पीओएस मशीन में दर्ज डीएपी के भंडारण का मिलान भौतिक भंडारण पंजी से किया। इस दौरान दोनों में छह बोरी डीएपी का अंतर पाया गया। इसके अलावा यूरिया के भंडारण समेत अन्य बिंदुओं पर भी गड़बड़ी सामने आई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कृषि पदाधिकारी ने जय गुरु कृषि केंद्र की अनुज्ञप्ति निलंबित करने की कार्रवाई की है।
जांच के दौरान मिर्जापुर बाजार स्थित जय कृषि केंद्र और शंभुगंज बाजार स्थित भगवती कृषि केंद्र में भी कई कमियां पाई गईं। दोनों प्रतिष्ठानों पर मूल्य तालिका बोर्ड उपलब्ध नहीं रहने समेत अन्य अनियमितताओं को लेकर संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर दोनों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी संकेत तिवारी ने बताया कि जय गुरु कृषि केंद्र की अनुज्ञप्ति निलंबित की गई है, जबकि जय कृषि केंद्र और भगवती कृषि केंद्र के संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कृषि विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य उर्वरक विक्रेताओं में भी हड़कंप है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि उर्वरक की उपलब्धता, भंडारण और बिक्री की जांच आगे भी जारी रहेगी।
.png)





