सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
वज्रपात की दो घटनाओं में किशोर की मौत, चार लोग झुलसे
जनार पूजा के दौरान पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर गिरी बिजली, दूसरी घटना में दो महिलाएं हुईं घायल
बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए।
पहली घटना हड़हर गांव में वार्षिक जनार पूजा के दौरान हुई। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई और परिजनों के बीच कोहराम मच गया।
बताया गया कि जनार पूजा के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ पेड़ के समीप वज्रपात हो गया।
इसकी चपेट में आने से अंकित कुमार, पिंटू कुमार और छोटू कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने अंकित कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिंटू कुमार और छोटू कुमार का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। अंकित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूजा के दौरान हुई इस घटना से गांव में भी मातम का माहौल बन गया।
वहीं, दूसरी घटना कटोरिया थाना क्षेत्र के खाड़ीपर गांव के पास हुई। यहां भी अचानक वज्रपात की चपेट में आने से यशोदा देवी और रंभा कुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। लगातार हुई दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।
.png)








