प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
लोडेड देशी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, मारपीट व चेन छिनतई का भी आरोप
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बादशाहगंज गांव के समीप रविवार की शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर लोडेड देशी कट्टा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान गोपालपुर गांव निवासी अंजन चौधरी के 26 वर्षीय पुत्र रूद्र चौधरी उर्फ भोली चौधरी के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि रविवार शाम सूचना मिली थी कि बादशाहगंज गांव के समीप एक महिला के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही एक युवक भागने लगा। पुलिस ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से लोडेड देशी कट्टा बरामद किया गया।
इधर, शाहकुंड थाना क्षेत्र के रसुल्ला गांव निवासी स्व. जियाहुल हक उर्फ राजा की पत्नी बेला खातून उर्फ हेना बेगम ने थाने में आवेदन देकर दौना गांव निवासी मु. शाहरूख और सुलतानपुर गांव निवासी मु. फारूक पर मारपीट व सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार दोनों ने बादशाहगंज के समीप स्कॉर्पियो रोककर उसके साथ मारपीट की और गले से एक भर सोने की चेन छीन ली।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इधर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक के खिलाफ अमरपुर थाने में पूर्व से धारा 307 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और महिला के आवेदन पर भी कार्रवाई की जा रही है।
.png)




