सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
सड़क हादसे में बांका टाउन थाना के एसआई सूरज भूषण की मौत, साथी घायल
बांका पोस्ट ऑफिस के पास देर रात हुआ हादसा, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस महकमे में शोक
बांका टाउन थाना में पदस्थापित एसआई सूरज भूषण की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार सागर कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना बुधवार देर रात बांका पोस्ट ऑफिस के समीप हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने एसआई सूरज भूषण की हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात एसआई सूरज भूषण अपने साथी सागर कुमार के साथ बाइक से कहीं जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पोस्ट ऑफिस के पास उनकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान एसआई सूरज भूषण ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। बांका एसडीपीओ अमर विश्वास समेत कई पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने घायल सागर कुमार के इलाज की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
इधर, एसआई सूरज भूषण की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सहकर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे को लेकर घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
.png)




