प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट बांका बिहार
पीछे से बाइक में मारी टक्कर, चालक जख्मी
भतीजे को कोचिंग छोड़कर लौटने के दौरान रूपसा गांव के समीप हुआ हादसा, रेफरल अस्पताल में कराया गया उपचार
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के तारडीह-रूपसा गांव के समीप शुक्रवार की सुबह दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक चालक जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल चालक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. दिवाकर सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
घायल की पहचान तारडीह गांव निवासी विद्यानंद साह के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाज के दौरान विद्यानंद साह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वह अपने भतीजे को बाइक से रूपसा गांव स्थित कोचिंग सेंटर छोड़ने गया था। भतीजे को कोचिंग छोड़ने के बाद वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रूपसा गांव के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे बाइक चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद विद्यानंद साह बाइक समेत सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।
.png)





