Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : फूड प्वाइजनिंग से एक ही परिवार के पांच सदस्य बीमार ,थाना पहुंचा मामला

 सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार

सरसों का तेल इस्तेमाल करने के बाद एक ही परिवार के पांच लोग बीमार, दुकानदार पर कार्रवाई की मांग

बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के वारसावाद गांव में कथित तौर पर खाद्य पदार्थ खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद सभी को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। सोमवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों ने शंभूगंज थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और संबंधित दुकानदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

वारसावाद गांव निवासी रघुनंदन यादव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गांव के ही गजानंद यादव की दुकान से सरसों का तेल खरीदा था। घर में उसी तेल का इस्तेमाल कर आलू की सब्जी और भुजिया तैयार की गई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने रोटी के साथ भोजन किया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।

रघुनंदन यादव के अनुसार, बीमार होने वालों में उनकी पुत्री मौसम कुमारी, पुत्र अंकुश कुमार और लवकुश कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। एक साथ कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल सभी को इलाज के लिए नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। चिकित्सकों द्वारा उपचार किए जाने के बाद उनकी हालत में सुधार आया।

स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद सोमवार को परिवार के सभी सदस्य शंभूगंज थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार ने आशंका जताते हुए कहा कि दुकानदार से खरीदे गए सरसों के तेल के इस्तेमाल के बाद ही परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब हुई। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

इधर, पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामले की जांच करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, घटना की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों में बिकने वाले तेल समेत अन्य सामानों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |