सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
दरोगा का परिचित बताकर युवक से 45 हजार की साइबर ठगी
रिश्तेदार के सड़क हादसे में घायल होने की बात कहकर रुपये भेजने का बनाया दबाव, थाने पहुंचकर पुष्टि की तो खुला राज
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगों का गिरोह लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है। बुधवार को एक युवक को नए दरोगा का परिचित बताकर साइबर ठग ने 45 हजार रुपये की चपत लगा दी। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने शंभुगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित रोहित कुमार ने बताया कि उसकी दुकान शंभुगंज थाना के सामने है। बुधवार को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को दरोगा का परिचित बताते हुए कहा कि उसका एक रिश्तेदार सड़क हादसे में घायल हो गया है। इलाज के लिए तत्काल 45 हजार रुपये की जरूरत है। ठग ने बताए गए बैंक खाते में राशि भेजने का दबाव बनाया।
रिश्तेदार के हादसे की बात सुनकर रोहित घबरा गया और बिना सत्यापन किए आनन-फानन में 45 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद घटना की पुष्टि करने के लिए वह थाने पहुंचा तो पता चला कि ऐसी कोई दुर्घटना हुई ही नहीं है। इसके बाद उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित एसबीआई शाखा पहुंचा, जहां शाखा प्रबंधक सोमेश कुमार ने इसे साइबर ठगी बताते हुए थाने में शिकायत करने की सलाह दी। इसके बाद रोहित ने पुलिस को लिखित शिकायत दी।
दरोगा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि अनजान नंबर से आने वाले फोन पर किसी के कहने मात्र से रुपये ट्रांसफर न करें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित व्यक्ति और घटना की पूरी तरह पुष्टि करने के बाद ही बैंकिंग लेन-देन करें।
.png)




