Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

नरसंडी गांव में करंट लगने से युवक जख्मी, अस्पताल में भर्ती

सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

नरसंडी गांव में करंट लगने से युवक जख्मी, अस्पताल में भर्ती

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के नरसंडी गांव में शुक्रवार की सुबह बिजली का करंट लगने से 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान गांव निवासी रंजीत शर्मा के पुत्र सुजीत शर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। स्वजनों ने आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह गांव में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसी दौरान सुजीत घर का बिजली बोर्ड ठीक करने लगा। बताया गया कि उसने बिजली का मुख्य लाइन बंद नहीं किया था। इसी बीच अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और सुजीत तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह झटका खाकर जमीन पर गिर पड़ा और कुछ देर के लिए अचेत हो गया।

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। परिजनों ने सबसे पहले बिजली का मुख्य लाइन बंद किया, ताकि युवक को दोबारा करंट की चपेट में आने से बचाया जा सके। इसके बाद अचेत अवस्था में सुजीत को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, करंट लगने के कारण युवक की हालत गंभीर थी, लेकिन उपचार के बाद चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली से जुड़े कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने के दौरान भी बिना मुख्य लाइन बंद किए बिजली बोर्ड या तार की मरम्मत करना बेहद खतरनाक हो सकता है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |