Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : बीडीओ, सीओ, आपूर्ति पदाधिकारी व राजस्व अधिकारी ने एक-एक मरीज को लिया गोद

सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

टीबी मरीजों के पोषण का जिम्मा उठाने आगे आए अधिकारी, चार मरीजों को मिली पोषण किट

नीक्षय मित्र योजना के तहत बीडीओ, सीओ, आपूर्ति पदाधिकारी व राजस्व अधिकारी ने एक-एक मरीज को लिया गोद

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और उन्हें बीमारी से उबरने में सहयोग देने के उद्देश्य से शुक्रवार को शंभुगंज प्रखंड परिसर में नीक्षय मित्र योजना के तहत चार मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात केसरी, अंचल अधिकारी जुगनू रानी, आपूर्ति पदाधिकारी भूपेंद्र कुमार एवं राजस्व अधिकारी अभय कुमार ने एक-एक यक्ष्मा मरीज को गोद लिया। अधिकारियों ने मरीजों के पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक उन्हें पोषण किट उपलब्ध कराने की बात कही।

वितरित पोषण किट में छह किलोग्राम चावल के अलावा एक-एक किलोग्राम चना, मूंग दाल, अरहर दाल और सोयाबीन सहित आधा किलोग्राम हार्लिक्स एवं अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी। अधिकारियों ने कहा कि यक्ष्मा मरीजों के उपचार में नियमित दवा के साथ पौष्टिक भोजन की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पर्याप्त पोषण मिलने से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और उपचार के दौरान उन्हें काफी लाभ मिलता है।

यक्ष्मा पर्यवेक्षक हिमांशु शेखर ने बताया कि शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में वर्तमान में करीब 122 यक्ष्मा मरीज हैं, जिनका उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मरीजों को समय पर दवा लेने और उपचार की पूरी अवधि तक दवा का सेवन जारी रखने के लिए जागरूक किया जाता है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात केसरी ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित रूप से दवा लेने तथा खान-पान पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीमारी से घबराने की जरूरत नहीं है। समय पर उपचार और उचित पोषण से यक्ष्मा को पूरी तरह मात दी जा सकती है।

अस्पताल प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने बताया कि पहले यक्ष्मा को राजरोग के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब यह सामान्य और पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। नियमित रूप से दवा का सेवन, संतुलित पोषण और चिकित्सकीय निर्देशों के अनुसार आवश्यक परहेज करने से मरीज जल्द स्वस्थ हो सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उपचार पूरा कर कई मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने यक्ष्मा संबंधी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। मौके पर कई प्रखंड कर्मी मौजूद थे।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |