सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
श्रावणी मेले की ड्यूटी में लापरवाही पर कटोरिया थानाध्यक्ष निलंबित
आईजी के निर्देश पर हुई कार्रवाई, कांवरिया पथ की सुरक्षा व्यवस्था में चूक को लेकर विभाग सख्त
श्रावणी मेले के दौरान ड्यूटी में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है। लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले संवेदनशील कटोरिया थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था में कथित चूक को पुलिस विभाग ने गंभीरता से लिया है। पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार के निर्देश पर विभागीय स्तर पर यह कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष के निलंबन की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की समीक्षा के क्रम में थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली में कथित लापरवाही सामने आई थी। वरीय अधिकारियों द्वारा लगातार मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कांवरियों की सुविधा का जायजा लिया जा रहा था। इसी दौरान ड्यूटी में बरती गई कथित कोताही को लेकर रिपोर्ट वरीय अधिकारियों तक पहुंची।
कटोरिया थाना क्षेत्र श्रावणी मेले के दौरान बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। सुल्तानगंज से देवघर जाने वाला कांवरिया पथ इसी क्षेत्र से होकर गुजरता है। इस मार्ग पर देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। ऐसे में पुलिस पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होती है।
वरीय अधिकारियों की समीक्षा के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए आईजी के निर्देश पर थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की गई। बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने भी स्पष्ट किया है कि संवेदनशील ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई के बाद थानाध्यक्ष को नवगछिया भेजे जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन और जवाबदेही का कड़ा संदेश माना जा रहा है।
.png)



