कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
वायरल वीडियो के बाद बड़ी कार्रवाई, बाईपास थानेदार निलंबित, अवैध वसूली मामले में केस दर्ज
भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र में मालवाहक वाहनों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में बाईपास थाना क्षेत्र से गुजरने वाले मालवाहक वाहनों से कथित रूप से 200-200 रुपये की अवैध वसूली करते हुए कुछ लोग दिखाई दिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाईपास थानाध्यक्ष एसआई चरणवीर यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया वायरल वीडियो में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में बाईपास थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि जांच में किसी अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि बाईपास थाना पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में रहा है। पिछले दो वर्षों के दौरान इस थाने में चार थानाध्यक्ष बदले जा चुके हैं। लगातार हो रहे तबादलों और कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि यहां कानून-व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस मुख्यालय विशेष नजर बनाए हुए है।
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके पास इस मामले से संबंधित कोई साक्ष्य या जानकारी हो तो उसे पुलिस के साथ साझा करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
.png)




