सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर, बांका (बिहार)
मोबाइल नंबर के दुरुपयोग पर दोषी पर कारवाई करने के लिए कॉलेज प्रशासन सख्त, साइबर क्राइम व पुलिस थाना में दर्ज होगी शिकायत
बांका जिले के शंभूगंज स्थित एस.एस.पी.एस. कॉलेज प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी महत्वपूर्ण विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी छात्र या छात्रा के मोबाइल नंबर का बिना अनुमति उपयोग कर कॉल, मैसेज या किसी भी प्रकार से परेशान करने वालों के विरुद्ध साइबर क्राइम पोर्टल एवं स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार 4 अगस्त 2026 को कुछ छात्राओं ने व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्डिंग और आवेदन कॉलेज में जमा कर शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ छात्रों ने व्हाट्सएप ग्रुप से मोबाइल नंबर निकालकर अनधिकृत रूप से कॉल और संदेश भेजकर उन्हें परेशान किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने साइबर क्राइम पोर्टल तथा स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कॉलेज द्वारा जारी चेतावनी में कहा गया है कि व्हाट्सएप ग्रुप से किसी भी छात्र या छात्रा का मोबाइल नंबर लेकर बिना अनुमति संपर्क करना पूरी तरह अनुचित है। इसके अलावा इंस्टाग्राम रील, वीडियो, फोटो, मैसेज अथवा अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से किसी को परेशान करने या उसकी निजता का उल्लंघन करने पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े सदस्यों से पूछताछ कर सकती है। यदि कोई छात्र जांच में दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई के साथ-साथ महाविद्यालय स्तर पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में संबंधित छात्र का प्रवेश (एडमिशन) भी रद्द किया जा सकता है।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से संयम, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कॉलेज का व्हाट्सएप ग्रुप केवल शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए बनाया गया है।
इसका किसी भी छात्र या छात्रा की व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग के लिए इस्तेमाल करना गंभीर अपराध माना जाएगा।
शंभूगंज थाना अध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया अभी तक ऐसी कोई लिखित शिकायत नहीं आई है अगर कॉलेज प्रशासन की ओर से या फिर किसी छात्रा की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो ऐसे मामलों में दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.png)








