कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
नवगछिया पुलिस का बड़ा एक्शन: मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार हथियार तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, अर्धनिर्मित हथियार तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस सफलता को क्षेत्र में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियार निर्माण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकबाजपुर दियारा स्थित एक घर में अवैध रूप से देसी हथियार बनाए और उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद बिहपुर थाना पुलिस ने एसटीएफ के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए चार कारीगरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. मोकीम, मो. सुशील, मो. अब्दुल अजीज तथा पप्पू मंडल उर्फ प्रमोद कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने फैक्ट्री से 11 निर्मित देसी पिस्तौल, 4 अर्धनिर्मित पिस्तौल, 16 मैगजीन, 2 जिंदा कारतूस, 33 बड़े लोहे के रॉड सहित हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई मशीन, औजार और अन्य सामग्री बरामद की है।
इस मामले में बिहपुर थाना कांड संख्या 207/26 दर्ज कर आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और अपराध में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। इस कार्रवाई से अवैध हथियार कारोबार से जुड़े अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
.png)


