प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
अमरपुर में ई-रिक्शा पलटने से चालक समेत दो घायल, अस्पताल में कराया गया उपचार
बांका अमरपुर शहर के प्रखंड कांग्रेस कार्यालय के समीप बुधवार देर रात एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत एक राहगीर घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान खेमीचक गांव निवासी ई-रिक्शा चालक राजीव दास तथा अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी नवल तांती के रूप में हुई है। अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार डॉ. अपुर्व अमन सिंह द्वारा किया गया।
अस्पताल में इलाजरत नवल तांती ने बताया कि वह बुधवार रात बस स्टैंड से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोला चौक से बस स्टैंड की ओर जा रहा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर कांग्रेस कार्यालय के समीप पलट गया और उसकी चपेट में आने से वह घायल हो गए। वहीं ई-रिक्शा चालक भी वाहन पलटने से चोटिल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई। चिकित्सक डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई है।
स्थानीय लोगों ने शहर की व्यस्त सड़कों पर ई-रिक्शा चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
.png)



