प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार चौकीदार जख्मी
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के भदरिया पुल के समीप सोमवार की रात ट्रैक्टर वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक चौकीदार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी चौकीदार को उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक अपूर्व अमन सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने जख्मी की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
जख्मी चौकीदार की पहचान भदरिया गांव निवासी प्रकाश पासवान के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रकाश पासवान ने बताया कि सोमवार की रात वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर अमरपुर थाना ड्यूटी के लिए जा रहा था। इसी दौरान भदरिया पुल के समीप सामने से आ रहे ट्रांसफार्मर लदे ट्रैक्टर वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया।
घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल जख्मी चौकीदार को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल के समीप वाहनों की तेज आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
.png)


