सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
बिजली संकट से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग जाम, घंटों बाधित रहा यातायात
बांका जिले के रजौन प्रखंड क्षेत्र में लगातार बिगड़ी बिजली व्यवस्था और पिछले कई दिनों से जारी बिजली की आंख-मिचौली से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार की देर शाम सड़क पर फूट पड़ा। चकसपिया और रजौन के सैकड़ों ग्रामीणों ने चकसपिया मोड़ के समीप भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। बार-बार तकनीकी खराबी (फॉल्ट) आने के कारण अधिकांश समय बिजली गुल रहती है। इसके चलते पेयजल संकट भी गहरा गया है, क्योंकि बिजली नहीं रहने से मोटर और जलापूर्ति व्यवस्था ठप हो गई है।
लोगों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे मजबूर होकर उन्हें सड़क जाम करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली संकट के कारण घरों में अंधेरा पसरा हुआ है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उमस भरी गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सड़क जाम के कारण भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर छोटी-बड़ी गाड़ियों के साथ भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि, प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए एंबुलेंस तथा सावन माह को देखते हुए कांवरियों के वाहनों को बिना किसी रोक-टोक के गुजरने दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। अंतिम समाचार मिलने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी और ग्रामीण बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार की मांग पर अड़े हुए थे।
.png)




