सूरजकांत ,ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
तेजस्वी के राजभवन मार्च में बवाल, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया, हिरासत में लिए गए नेता
बिहार में छात्रों की समस्याओं, कथित परीक्षा पेपर लीक, बेरोजगारी और सीवान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा एके-47 के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने बुधवार को पटना में राजभवन मार्च निकाला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकला मार्च जेपी गोलंबर से शुरू हुआ और बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता व समर्थक इसमें शामिल हुए।
मार्च के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और बांस की घेराबंदी की थी। प्रदर्शनकारी जब आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। धक्का-मुक्की और नारेबाजी के बीच पुलिस ने तेजस्वी यादव, सांसद मीसा भारती समेत कई राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता डमी एके-47 और नकली पुलिस वर्दी लेकर भी पहुंचे। राजद नेताओं ने इसे सीवान की घटना और छात्रों के प्रति सरकार के रवैये के विरोध का प्रतीक बताया। पार्टी ने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं का जवाब सरकार को देना होगा। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव और अन्य नेताओं को पुलिस वाहन से ले जाया गया। बाद में उन्हें पुलिस थाने से छोड़े जाने की भी सूचना सामने आई।
राजभवन मार्च के दौरान पटना में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। पूरे घटनाक्रम को लेकर बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ गया है।
.png)



