कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
विभाजन की त्रासदी को किया याद, भागलपुर में निकला कैंडल मार्च
विभीषिका स्मृति दिवस पर शांति, एकता और भाईचारे का दिया संदेश
भागलपुर में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कैंडल मार्च निकाला गया। विभाजन के दौरान हुई मानवीय त्रासदी और उसमें जान गंवाने वाले लोगों को याद करते हुए शांति, एकता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कैंडल मार्च भागलपुर समाहरणालय परिसर से शुरू होकर तिलकामांझी चौक तक पहुंचा। मार्च में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय भी शामिल हुईं। उन्होंने हाथ में कैंडल लेकर मार्च किया और विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले लोगों के साथ ही देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें इतिहास के उस दुखद दौर की याद दिलाता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापन और पीड़ा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह दिन शहीद स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी से सीख लेते हुए समाज में आपसी प्रेम, शांति, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
.png)


