Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : नदी में स्नान करने गई तीन सहेलियों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

 कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार

दखली घाट में नहाने गईं तीन सहेलियां नदी में डूबीं, तीनों की मौत

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, पांच घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुए तीनों किशोरियों के शव; गांव में पसरा मातम

भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के ओनलीटोला स्थित दखली घाट पर शुक्रवार की सुबह नदी में नहाने गईं तीन सहेलियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और तीनों की तलाश शुरू की।

जानकारी के अनुसार, ओनलीटोला गांव की तीन सहेलियां शुक्रवार सुबह नहाने के लिए दखली घाट पहुंची थीं। नहाने के दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और देखते ही देखते डूब गईं। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दो किशोरियों को नदी से बाहर निकाला। उनकी पहचान ओनलीटोला निवासी मुन्ना पासवान की 15 वर्षीय पुत्री चंदा कुमारी और कुशापुर निवासी अरविंद पासवान की 10 वर्षीय पुत्री अभिलाषा कुमारी के रूप में हुई।

दोनों को बाहर निकालते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं तीसरी किशोरी करिश्मा कुमारी (17), पिता मुन्ना पासवान, की तलाश जारी रही। करीब पांच घंटे तक चले खोज अभियान के बाद उसका भी शव नदी से बरामद कर लिया गया।

घटना की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, अंचलाधिकारी चंद्रशेखर, पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत, सब इंस्पेक्टर संगम कुमारी, अमरजीत सिंह समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक साथ तीन सहेलियों की मौत से ओनलीटोला गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |