सुबोध सिंह , क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
खेलो इंडिया संवाद में युवाओं को खेल और फिटनेस के लिए किया प्रेरित
शहीद शशि प्रसाद सिंह महाविद्यालय, शंभूगंज में गुरुवार को राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में युवा कनेक्ट कार्यक्रम एवं खेलो इंडिया संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, नेतृत्व, कौशल, रोजगार, स्वयंसेवा तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शंभूगंज प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य प्रीतम कुमार साह तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिवाकर पंजीकार रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रीतम कुमार साह, प्राचार्य प्रो. दिवाकर पंजीकार एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सलिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने कुलगीत एवं राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सलिल कुमार सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इसके बाद महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव वर्चुअल संबोधन को सुना। संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात आयोजित खेलो इंडिया संवाद में प्रो. चंदन मधुकर एवं पीएन शेखर ने छात्र-छात्राओं और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के साथ खेल, खेल प्रतिभाओं तथा युवाओं की खेलों में सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। उन्होंने युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।
मेरा युवा भारत की ओर से महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक अनुभव कुमार, निखिल सिंह एवं आरूषी सिंह का यूथ आइकन के रूप में चयन किया गया था। तीनों यूथ आइकन सहित बांका के स्वयंसेवकों एवं अन्य राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।
मौके पर प्रो. कृष्णदेव सिंह, प्रो. दीपक कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। प्राचार्य प्रो. दिवाकर पंजीकार ने अध्यक्षीय संबोधन में युवाओं को खेल एवं फिटनेस के प्रति प्रेरित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।
.png)





