कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
समय पर इलाज नहीं मिलने से घायल युवक की मौत, मायागंज अस्पताल में तीन घंटे हंगामा
परिजनों का आरोप- इमरजेंसी से दूसरे विभागों में भेजते रहे, नहीं हुआ समय पर उपचार
भागलपुर के मायागंज अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिलने के आरोप के बीच घायल 23 वर्षीय युवक मिथिलेश पासवान की मौत हो गई। मृतक झारखंड के मिर्जाचौकी का रहने वाला था। बताया गया कि सीढ़ी से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
मृतक के भाई छट्टू पासवान ने आरोप लगाया कि अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें इंतजार करना पड़ा। इसके बाद चिकित्सक पहुंचे और दूसरे विभाग में जाने की बात कही। वहां पहुंचने पर भी इलाज नहीं होने की बात कहकर दूसरे विभाग में भेज दिया गया। परिजनों का आरोप है कि करीब चार घंटे तक वे एक विभाग से दूसरे विभाग का चक्कर लगाते रहे, लेकिन युवक की समुचित जांच नहीं की गई और न ही समय पर कोई इंजेक्शन या उपचार दिया गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर बरारी पुलिस चौकी के कर्मी पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बरारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में अस्पताल अधीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया।
.png)




