सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर,बांका बिहार
रामचुआ में कटखने आवारा कुत्ते का आतंक, आधा दर्जन स्कूली बच्चे घायल
बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड के रामचुआ गांव में कटखने आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को मध्य विद्यालय रामचुआ के समीप एक कटखने कुत्ते ने स्कूल से घर लौट रहे आधा दर्जन बच्चों पर हमला कर उन्हें काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शंभूगंज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घायलों में मनीष कुमार, नीतेश कुमार, शुभम कुमार, हंसराज कुमार समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। बच्चों ने बताया कि विद्यालय की छुट्टी के बाद वे पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान आम के पेड़ के पास घात लगाए बैठे एक कटखने कुत्ते ने सबसे आगे चल रहे मनीष और नीतेश पर अचानक हमला कर दिया। दोनों बच्चों की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने दौड़े शुभम और हंसराज पर भी कुत्ता टूट पड़ा। हमले से अन्य बच्चों में भी दहशत फैल गई और वे इधर-उधर भागने लगे।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया। इसके बाद सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए सीएचसी शंभूगंज लाया गया। अस्पताल प्रभारी डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया है तथा एंटी-रेबीज वैक्सीन सहित आवश्यक दवाएं दी गई हैं। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो-तीन कटखने आवारा कुत्ते लंबे समय से घूम रहे हैं। ये विद्यालय, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास मंडराते रहते हैं तथा राहगीरों, खासकर बच्चों पर हमला कर देते हैं। विद्यालय के शिक्षकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब कटखने आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि रामचुआ के अलावा बिरनौधा, मिर्जापुर, झखरा सहित आसपास के कई गांवों में भी ऐसे कुत्तों का आतंक बना हुआ है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
.png)



