ब्रेकिंग : पुलिस ने दो अपराधी को किया गिरफ्तार ,देसी कट्टा और 30 जिंदा कारतूस बरामद
August 12, 2026
कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
हथियारों की खेप लेकर घूम रहे थे दो अपराधी, पुलिस ने दबोचा
भागलपुर जिले में अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थों की बरामदगी और अपराधियों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवनारायणपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को हथियार और 30 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी कट्टा और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बेवफा चाय दुकान के समीप कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम में शामिल थानाध्यक्ष अमित कुमार ने सशस्त्र बल के साथ इलाके में सघन वाहन जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान पीरपैंती की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस बल को देखते ही दोनों भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक युवक के पास से देसी कट्टा और 28 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि दूसरे के पास से दो जिंदा कारतूस मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के बकिया दियारा निवासी धर्मेंद्र कुमार मंडल और राकेश उर्फ राजेश मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के पास से कुल एक देसी कट्टा, 30 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियार व कारतूस के स्रोत तथा उनके आपराधिक मंसूबों का पता लगाने में जुटी है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
.png)
.jpg)

