सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर बांका ( बिहार )
एनक्यूएएस मूल्यांकन संपन्न: शंभूगंज सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाएं, अब दिल्ली में तय होगी रैंकिंग
बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत आयोजित दो दिवसीय मूल्यांकन कार्यक्रम का आज शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। दिल्ली से पहुंची एनक्यूएएस की मेडिकल टीम ने दो दिनों तक अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। अब मूल्यांकन रिपोर्ट दिल्ली भेजी जाएगी, जहां प्राप्त अंकों के आधार पर अस्पताल की राष्ट्रीय रैंकिंग तय होगी।
डॉ. सुशांत कुमार अग्रवाल एवं डॉ. राहुल कटियार के नेतृत्व में आई टीम ने अस्पताल के सामान्य प्रशासन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला सहित छह प्रमुख मानकों पर विस्तृत जांच की। इसके अलावा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, टीकाकरण, दवा उपलब्धता, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण प्रणाली, अभिलेख संधारण तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का भी बारीकी से मूल्यांकन किया गया। टीम ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी भी ली।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा एवं स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने बताया कि मूल्यांकन को लेकर अस्पताल प्रशासन कई दिनों से युद्धस्तर पर तैयारी में जुटा था। सभी वार्ड, ओपीडी, प्रसव कक्ष, आपातकालीन सेवा, दवा वितरण केंद्र, प्रयोगशाला एवं अन्य इकाइयों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप व्यवस्थित किया गया। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की जांच कर उन्हें पूरी तरह कार्यशील बनाया गया तथा पेयजल, शौचालय, संकेतक बोर्ड और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर किया गया।
निरीक्षण के बाद टीम के सदस्यों ने बताया कि अस्पताल में कई क्षेत्रों में बेहतर कार्य देखने को मिले हैं, वहीं कुछ कमियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय प्रधान लेखापाल मो. आरिफ, जिला गुणवत्ता टीम के मो. जावेद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा, स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया कि शंभूगंज सीएचसी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के टॉप-10 सरकारी अस्पतालों में स्थान बनाने की क्षमता रखता है।
.png)




