Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : बलिया कांड पर राजद नेता संजय चौहान क्यो बोले पीड़ितों के आंसुओं पर नहीं, कानून के राज पर हो राजनीति

 सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका, (बिहार)

बलिया कांड पर बोले संजय चौहान: पीड़ितों के आंसुओं पर नहीं, कानून के राज पर हो राजनीति

बलिया कांड को लेकर शिक्षाविद एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता संजय चौहान ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे केवल दो परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की त्रासदी बताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में संजय चौहान ने कहा कि अमरपुर विधानसभा क्षेत्र पूर्व में भी कई दर्दनाक आपराधिक घटनाओं का गवाह रहा है। लगातार हो रही वारदातों से आम लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बार-बार घट रही आपराधिक घटनाएं इस बात पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं कि आखिर आम नागरिक स्वयं को कितना सुरक्षित महसूस करे।

राजद नेता ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि बड़ी घटनाओं के बाद कुछ लोग कैमरा, काफिला और आर्थिक सहायता के प्रदर्शन के साथ पहुंच जाते हैं, जिससे संवेदना से अधिक राजनीतिक प्रचार दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के आंसुओं को राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि वर्षों से सत्ता में रहने वालों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। यदि कानून-व्यवस्था प्रभावी होती, अपराधियों में कानून का भय होता तथा शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाता, तो कई परिवार उजड़ने से बच सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।

संजय चौहान ने चुनावी राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि समाज को प्रलोभन, दिखावे और क्षणिक लाभ की राजनीति से सतर्क रहने की जरूरत है। चुनाव के समय भोज, उपहार या दिखावटी सहानुभूति से जनता का भला नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जनप्रतिनिधियों का मूल्यांकन उनके वर्षों के कार्य, चरित्र और जनसेवा के आधार पर करना चाहिए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमरपुर विधानसभा की जनता अब जागरूक है और संकट की घड़ी में वास्तविक रूप से साथ खड़े रहने वालों तथा केवल सुर्खियां बटोरने आने वालों के बीच का अंतर अच्छी तरह समझती है। उन्होंने कहा कि राजनीति का केंद्र पीड़ितों के आंसू नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा, कानून का राज और सामाजिक विश्वास की पुनर्स्थापना होना चाहिए। यही लोकतंत्र की वास्तविक भावना और अमरपुर की जनता की अपेक्षा है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |