कुणाल शेखर ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर ,बिहार
हत्याकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
भागलपुर के पुलिस जिला नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र में चर्चित कृष्णा ठाकुर हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मृतक की पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई थी, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी अनुसंधान और एसआईटी की जांच के आधार पर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को भवानीपुर थाना क्षेत्र के गनौल गांव स्थित बांस की झाड़ी में कृष्णा ठाकुर का शव फंदे से लटका मिला था। सूचना पर भवानीपुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। परिजनों के आवेदन पर भवानीपुर थाना कांड संख्या 173/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मानव सूचना और वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर नितीश कुमार उर्फ बिल्ला यादव, राधेश्याम कुमार तथा मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी देवी का नितीश कुमार उर्फ बिल्ला यादव के साथ प्रेम संबंध था। कृष्णा ठाकुर को इसकी जानकारी हो गई थी, जिसके बाद तीनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद अपराध को छिपाने के उद्देश्य से शव को बांस की झाड़ी में फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय भेज दिया है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने इसे वैज्ञानिक अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर सुलझाया गया एक महत्वपूर्ण मामला बताते हुए इसे बड़ी सफलता करार दिया।
.png)



