प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका ,बिहार
मेहनत की उड़ान ने छुआ आसमान, अमरपुर के तीन होनहारों ने नीट में रचा सफलता का इतिहास
कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत में सच्चाई हो तो मंजिल स्वयं कदम चूमती है। इस कहावत को चरितार्थ करते हुए अमरपुर प्रखंड के तीन होनहार छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार और गांव, बल्कि पूरे अमरपुर प्रखंड, बांका जिला और बिहार का नाम गौरवान्वित किया है। तीनों की सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गरीबपुर पंचायत के हेमराजपुर गांव निवासी मेढ़ियानाथ उच्च विद्यालय के प्राचार्य डॉ. साकेत कुमार एवं हेमलता देवी की पुत्री स्नेहा शर्मा ने नीट-यूजी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 8372 तथा सामान्य वर्ग में 3556वीं कैटेगरी रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। स्नेहा के बड़े भाई साहिल रौशन भी पिछले वर्ष नीट परीक्षा में सफल हुए थे। दोनों भाई-बहन की प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई, जबकि मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा मेढ़ियानाथ उच्च विद्यालय से उत्तीर्ण कर जिला टॉप-10 में भी स्थान प्राप्त किया था।
वहीं, गंगापुर गढ़ैल गांव निवासी राजेन्द्र शर्मा एवं शोभा देवी के पुत्र प्रशांत राज ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए नीट परीक्षा में सफलता अर्जित की। बढ़ई का कार्य करने वाले पिता और गृहिणी माता के बेटे प्रशांत ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
इधर, अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 निवासी अजीत कुमार उर्फ बंटी झा एवं रीना झा के पुत्र निकेत कुमार ने भी नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता प्राप्त की। निकेत के पिता अमरपुर बाजार में ई-रिक्शा शोरूम संचालित करते हैं।
तीनों विद्यार्थियों की सफलता पर प्रखंडवासियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इन होनहारों ने यह सिद्ध कर दिया है कि लगन, अनुशासन और अथक मेहनत के बल पर हर सपना साकार किया जा सकता है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे अमरपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
.png)




