प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका (बिहार)
घरेलू विवाद में देवर ने भाभी पर दबिया से किया हमला, महिला गंभीर रूप से घायल
बांका अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शुक्रवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद छोटे देवर ने अपनी सगी भाभी पर दबिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल महिला की पहचान संतोष रजक की 30 वर्षीय पत्नी अंजली देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद उनके बड़े देवर राकेश रजक ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. पंकज कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं और उनका उपचार जारी है।
अस्पताल में मौजूद बड़े देवर राकेश रजक ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। जब वह घर लौटे तो अंजली देवी की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि घरेलू विवाद के दौरान छोटे भाई छोटू रजक ने गुस्से में आकर दबिया से हमला कर भाभी को घायल कर दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस रेफरल अस्पताल पहुंची और घायल महिला का फर्द बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा फर्द बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घरेलू विवाद को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की अपील करते हुए ऐसी घटनाओं पर चिंता जताई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
.png)




