प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका ,बिहार
तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आया छह वर्षीय मासूम, गंभीर रूप से जख्मी
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के शोभानपुर पंचायत अंतर्गत कटोरिया गांव में शनिवार देर रात तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से छह वर्षीय एक मासूम गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल बालक की पहचान कटोरिया गांव निवासी मोहम्मद इरफान के पुत्र मोहम्मद जिनत (6) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजन सहित स्थानीय लोग तत्काल बच्चे की मदद में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जिनत अपने घर से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान शाहपुर की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल बच्चे को उठाकर परिजनों की सहायता से रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया।
रेफरल अस्पताल में डॉ. सौरभ कुमार ने बालक का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण बच्चे की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद कटोरिया गांव के लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में वाहन चालकों की गति पर नियंत्रण, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाह एवं तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
.png)





