प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, महिला समेत चार घायल
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के खरदौरी गांव में रविवार की सुबह आपसी एवं जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
घायलों में प्रथम पक्ष के शंकर शर्मा तथा दूसरे पक्ष के अजीत शर्मा, दिव्यांशु कुमार और प्राची कुमारी शामिल हैं। सभी की स्थिति प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य बताई जा रही है।
अस्पताल में इलाजरत शंकर शर्मा ने आरोप लगाया कि बंटवारे में उन्हें मिली दस डिसमल जमीन पर अजीत शर्मा और उनके परिजन जबरन अपना हक जताते हुए लंबे समय से विवाद खड़ा करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह उनके चापाकल के पास रखे बर्तनों पर विपक्षी पक्ष के बच्चों ने बाथरूम कर दिया। इसका विरोध करने पर अजीत शर्मा, दुर्गेश शर्मा, अंकित शर्मा, राहुल शर्मा सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के घायल अजीत शर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि रविवार सुबह शंकर शर्मा अपने परिजनों के साथ उनके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर शंकर शर्मा एवं उनके समर्थकों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें तथा बीच-बचाव करने आए दिव्यांशु कुमार और प्राची कुमारी को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में मामले की चर्चा होती रही। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देने की बात कही है। पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने पुराने विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
.png)





