प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका ,बिहार
54 लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
बांका जिले के अमरपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 लीटर देशी महुआ शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के खेमीचक गांव निवासी सुमन दास के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से शराब लदी बाइक भी जब्त कर ली है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात अवैध शराब के कारोबारियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि दिग्घी-विदनचक मुख्य मार्ग से एक युवक अवैध महुआ शराब की खेप लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उक्त मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान एक बाइक चालक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर बाइक पर रखे प्लास्टिक के बोरे से अलग-अलग पॉलीथीन में भरी कुल 54 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर बाइक और बरामद शराब को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
.png)




