प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका (बिहार)
दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो घायल, रेफरल अस्पताल में उपचार
बांका अमरपुर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
पहली घटना सिहुड़ी-कासपुर मुख्य पथ पर बलुआ मैदान के समीप हुई। जानकारी के अनुसार कोलबुजुर्ग गांव निवासी हरी पासी की पत्नी पांची देवी ई-रिक्शा से अमरपुर से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बलुआ मैदान के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
वहीं दूसरी घटना अमरपुर रेफरल अस्पताल के समीप हुई, जहां एक ऑटो की टक्कर से ई-रिक्शा पर सवार नयाचक गांव निवासी कारू पासवान घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
रेफरल अस्पताल में डॉ. दिवाकर सिंह ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है और आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
.png)



