प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका, बिहार
मोबाइल चार्ज करते समय करंट की चपेट में आए वृद्ध, हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती
बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर रूपसा गांव में गुरुवार सुबह मोबाइल चार्ज करने के दौरान करंट लगने से एक 60 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए रजौन रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उनकी जान बचाई।
घायल की पहचान गांव निवासी सरयुग दास (60 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह वह अपने घर में बिजली के बोर्ड में मोबाइल चार्ज पर लगा रहे थे। इसी दौरान विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। घटना के बाद घर के सदस्यों ने तुरंत बिजली का संपर्क बंद किया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
रेफरल अस्पताल में डॉ. ज्योति भारती ने घायल वृद्ध का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचा दिए जाने के कारण उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है, हालांकि उन्हें कुछ समय तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने घरों में पुराने और क्षतिग्रस्त बिजली के तारों की नियमित जांच कराने तथा बिजली उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की। विशेषज्ञों का कहना है कि खुले या कटे हुए तारों के संपर्क में आने से ऐसे हादसे हो सकते हैं। बिजली से जुड़े किसी भी कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और खराब वायरिंग की तुरंत मरम्मत कराने से इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सकता है।
.png)



