सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता के पैतृक आवास पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार को लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद चौधरी के पैतृक आवास पर कई घंटे तक सघन छापेमारी की।
यह कार्रवाई बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराडीह गांव स्थित उनके आवास पर की गई। छापेमारी के दौरान आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने घर के विभिन्न कमरों, दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की।
जानकारी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता अरविंद चौधरी पर सरकारी सेवा के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
इसी मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने राज्य के चार जिलों में स्थित उनके कुल छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक संबंधी अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच की।
हालांकि, छापेमारी समाप्त होने के बाद भी आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों ने बरामदगी के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की। टीम के अधिकारियों ने केवल इतना कहा कि जांच की प्रक्रिया जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों एवं अन्य सामग्री की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
पिपराडीह गांव में सुबह से ही आर्थिक अपराध इकाई की टीम के पहुंचने की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि जांच में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
आर्थिक अपराध इकाई के एक पदाधिकारी ने संक्षिप्त बातचीत में बताया कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल टीम सभी जब्त दस्तावेजों और साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
.png)




