कुणाल शेखर ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर ,बिहार
छत के रास्ते घर में घुसे तीन चोर, मोबाइल चोरी से पहले एक दबोचा गया
भागलपुर जिले के कमलनगर कॉलोनी स्थित पीर बाबा गली में शनिवार देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। चोरों की सतर्कता से पहले ही गृहस्वामियों की जागरूकता भारी पड़ गई और स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, तीन चोर छत के रास्ते फणीभूषण पांडे के घर में घुस गए। बताया जाता है कि चोर कमरे में रखे मोबाइल फोन को चोरी कर भागने की तैयारी में थे। इसी दौरान घर में सो रहे एक सदस्य की अचानक नींद खुल गई। संदिग्ध गतिविधि देखकर उन्होंने शोर मचाया और साहस का परिचय देते हुए एक चोर को पकड़ लिया।
शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जुटते देख दो अन्य चोर वहां से भाग निकले। मोहल्ले के लोगों ने पकड़े गए आरोपी के हाथ-पैर बांध दिए और तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि फरार दोनों आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
घटना के बाद कमलनगर कॉलोनी के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा फरार दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.png)



