Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

मंडप पूजन के बाद दूल्हा हुआ फरार, दो माह बाद उसी लड़की के घर पहुंचकर रचाई शादी, अब विवाद

सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका (बिहार)

शादी के दिन मंडप पूजन के बाद दूल्हा हुआ फरार, दो माह बाद उसी लड़की के घर पहुंचकर रचाई शादी; अब नवविवाहिता ने सास-ससुर पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र का एक अनोखा विवाह विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। पहले शादी से एक दिन पूर्व मंडप पूजन के बाद दूल्हा रहस्यमय तरीके से लापता हो गया, फिर करीब दो माह बाद उसी लड़की के घर पहुंचकर शादी की इच्छा जताई और विवाह रचा लिया। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल में विवाद उत्पन्न हो गया। नवविवाहिता ने अपने सास-ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शंभूगंज थाना में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, शंभूगंज प्रखंड के आरजी करसोप गांव निवासी राजेश कुमार की शादी 29 अप्रैल 2026 को भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी शालिग्राम तांती की पुत्री जानकी कुमारी के साथ तय थी। 28 अप्रैल को मंडप पूजन की रस्म पूरी होने के बाद राजेश कुमार अचानक घर से गायब हो गया। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसने जांच शुरू कर दी। लगभग एक सप्ताह बाद राजेश कुमार वापस अपने घर लौट आया।

ग्रामीणों के अनुसार, राजेश कुमार किसी अन्य युवती से विवाह करना चाहता था। हालांकि, कथित तौर पर उस युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद उसने पहले से तय रिश्ते को स्वीकार करने का फैसला किया। इसके बाद 1 जुलाई 2026 को वह स्वयं भागलपुर जिले के फुलवरिया गांव पहुंचा और जानकी कुमारी से विवाह करने की इच्छा जताई। दोनों परिवारों की सहमति से सादगीपूर्ण माहौल में विवाह संपन्न कराया गया और जानकी कुमारी को विदा कर ससुराल भेज दिया गया।

पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही उसके ससुर शंभू तांती और सास बेला देवी ने इस विवाह को स्वीकार करने से इनकार कर दिया तथा उसके साथ प्रताड़ना और दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। परेशान होकर जानकी कुमारी ने इसकी जानकारी अपने माता-पिता शालिग्राम तांती और पूजा देवी को दी। इसके बाद गुरुवार को दोनों शंभूगंज थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर बेटी के ससुर एवं सास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वहीं, आरोपित शंभू तांती और बेला देवी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद और बदनाम करने की साजिश बताया। उनका कहना है कि उनके पुत्र ने अपनी मर्जी से शादी की है और वही अपनी पत्नी का भरण-पोषण करेगा।

इधर, शंभूगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनी गई है। प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |