Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : शादी के पांच दिन बाद ही ससुराल छोड़ थाने पहुंची नवविवाहिता, पति के साथ रहने से किया इनकार

सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका (बिहार)

शादी के पांच दिन बाद ही ससुराल छोड़ थाने पहुंची नवविवाहिता, पति के साथ रहने से किया इनकार

बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में शादी के महज पांच दिन बाद ही एक नवविवाहिता के ससुराल छोड़कर सीधे थाना पहुंचने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने पति के साथ रहने से साफ इनकार करते हुए पुलिस से उसे मायके पहुंचाने की गुहार लगाई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन महिला अपने फैसले पर अडिग रही।

जानकारी के अनुसार, शंभूगंज थाना क्षेत्र के करसोप गांव निवासी बटल तांती की पहली पत्नी संगीता कुमारी शादी के करीब एक वर्ष बाद घर छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद बटल तांती ने मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी संजय तांती की पुत्री पार्वती कुमारी से दूसरी शादी की।

बताया जाता है कि पार्वती कुमारी की भी यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी अमरपुर थाना क्षेत्र निवासी शंकर तांती से हुई थी। आरोप है कि शादी के लगभग एक वर्ष बाद पति ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया था। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद पार्वती कुमारी का विवाह बटल तांती से कराया गया।

शादी के महज पांच दिन बाद ही पार्वती कुमारी ससुराल छोड़कर सीधे शंभूगंज थाना पहुंच गई। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने मायके जाना चाहती है और पति के साथ नहीं रहना चाहती। पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसे ससुराल से जाने नहीं दिया जा रहा था, इसलिए वह पुलिस की शरण में आई है। हालांकि, उसने पति या ससुराल पक्ष पर किसी अन्य गंभीर आरोप की शिकायत नहीं की।

मामले की जानकारी मिलने पर शंभूगंज थाना पुलिस ने पति बटल तांती एवं उसके परिजनों को थाने बुलाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद नवविवाहिता ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई और मायके भेजने की मांग पर कायम रही।

शंभूगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की बातें सुनी गई हैं। फिलहाल आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यदि समझौता नहीं हो पाता है तो कानून के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |